अतिक्रमण रोकने को उड़नदस्ते का गठन

जहानाबाद : पिछले दो सप्ताह से नगर क्षेत्र के पटना-गया रोड में जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार अतिक्रमण को हटाया गया है, जिससे सड़कें काफी चौड़ी हो गयी हैं और शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिली है. सड़क दुर्घटना की आशंका भी कम हो गयी है. नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने […]

जहानाबाद : पिछले दो सप्ताह से नगर क्षेत्र के पटना-गया रोड में जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार अतिक्रमण को हटाया गया है, जिससे सड़कें काफी चौड़ी हो गयी हैं और शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिली है. सड़क दुर्घटना की आशंका भी कम हो गयी है.

नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि ऐसा देखा जा रहा है कि अब भी पटना-गया रोड में स्टेशन के आसपास कुछ अतिक्रमणकारी अस्थायी रूप से अतिक्रमण करने में बाज नहीं आ रहे हैं, जिनको टीम द्वारा हटाया जा रहा है.
इस संबंध में डीएम के निर्देश से अतिक्रमण को रोकने के लिए उड़नदस्ते का गठन किया गया है. पटना-गया रोड में सुबह-शाम दो-दो घंटे अतिक्रमण रोकने के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. उड़नदस्ते की देखरेख करने का निर्देश नगर प्रबंधक और नगर पर्षद के प्रधान सहायक निरंजन कुमार पांडेय को दिया गया है.
सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन दो-दो नगर पर्षद कर्मी सड़कों पर अतिक्रमण न होने देना सुनिश्चित करेंगे. नगर पर्षद द्वारा स्ट्रीट वेंडर के लिए शहर में वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है. स्थानीय कृषि फार्म के नजदीक बन रहे वेंडिंग जोन में फुटपाथों दुकानदारों को जगह दी जायेगी.
नगर पर्षद के इस कदम का फुटपाथ दुकानदार संघ ने स्वागत किया है. वेंडिंग जोन में शौचालय व पेयजल की व्यवस्था रहेगी. जहानाबाद के सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी, विधायक सुदय यादव और डीएम नवीन कुमार से फुटपाथ दुकानदारों को रोजी-रोटी की समस्या संबंधी गुहार लगाने के बाद वेंडिंग जोन का काम तेजी से बढ़ा है.
फुटपाथ दुकानदार संघ के अध्यक्ष अरविंद चोपड़ा ने दुकानदारों को कथित स्वार्थी राजनेताओं से सावधान रहने की जरूरत बताते हुए किसी के बहकावे में नहीं आने की सलाह दी है. वहीं यह भी कहा है कि स्ट्रीट वेंडर एक्ट 2014 के अनुसार फुटपाथ दुकानदार विक्रेताओं के अधिकार के लिए संघ लगातार संघर्ष करता रहेगा. वहीं नवगठित फुटपाथ विक्रेता संघ ने फुटपाथ विक्रेताओं की समस्या को लेकर एक कमेटी का गठन किया.
मुकेश पासवान को संयोजक बनाते हुए कमेटी के सदस्यों ने शहर में वेंडिंग जोन बनाने, फुटपाथ विक्रेताओं के सर्वे करने और परिचय पत्र सहित अन्य मांगों को लेकर धरना और आंदोलन करने की चेतावनी दी है. चेतावनी देने वालों में भाकपा-माले जिला सचिव श्रीनिवास शर्मा, गणेश दास, इंनौस के संतोष केसरी, धर्म कुमार सहित कई नेता शामिल हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >