पीड़िता के बयान पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज, दो नामजद
जहानाबाद : हुलासगंज थाना क्षेत्र के पुनीतबिगहा गांव निवासी तीन बच्चों की मां 35 वर्षीया महिला के साथ दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में शनिवार को जहानाबाद महिला थाने में पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें दो लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. महिला थाने में शिकायत पत्र देने के बाद पुलिस ने सदर अस्पताल में पीड़ित महिला की मेडिकल जांच करायी. आरोपितों में एक नालंदा जिले का और दूसरा गांव का ही निवासी है.
इस संबंध में महिला थानाध्यक्ष कुंती कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्तों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. उन्होंने बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि मार्च महीने में नालंदा जिले का निवासी और दुष्कर्म का आरोपित अभियुक्त पुनीतबिगहा गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था. वह शौच करने के लिए बधार में निकली थी. उसी दौरान घात लगाये दो लोगों ने उसे कब्जे में कर लिया और एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया. महिला थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल पीड़िता की डॉक्टरी जांच सदर अस्पताल में करायी गयी है.
