तेज आंधी व बूंदा-बांदी से फसलों को नुकसान, आवागमन भी बाधित

मौसम ने ली करवट, झोंपड़ीनुमा घरों के उड़े छप्पर एनएच पर हुआ अवरुद्ध जहानाबाद : जिले में बुधवार की शाम तेज आंधी के साथ बूंदा-बांदी हुई. बूंदाबांदी व तेज आंधी के कारण लोग परेशान दिखे. एकाएक आयी तेज आंधी से वातावरण पूरी तरह धूंधला दिखने लगा. धूल के कारण लोग जहां-तहां दीवार की ओट में […]

मौसम ने ली करवट, झोंपड़ीनुमा घरों के उड़े छप्पर

एनएच पर हुआ अवरुद्ध
जहानाबाद : जिले में बुधवार की शाम तेज आंधी के साथ बूंदा-बांदी हुई. बूंदाबांदी व तेज आंधी के कारण लोग परेशान दिखे. एकाएक आयी तेज आंधी से वातावरण पूरी तरह धूंधला दिखने लगा. धूल के कारण लोग जहां-तहां दीवार की ओट में आंधी से बचाव करते दिखे. वहीं आंधी-पानी की वजह से कई जगहों पर घंटों बिजली बाधित रही. मौसम के एकाएक करवट लेने से लोगों को काफी फजीहत हुई. कई घरों के फूस से बने झोंपड़ी उड़ गयी. वहीं कई घरों के करकट उड़कर दूसरे जगहों पर चले गये.
आंधी व बूंदा-बांदी के बाद लोग अपने-अपने घरों के छतों को व्यवस्थित करने में जुटे दिखे. आंधी की वजह से किंजर के मिर्जापुर गांव के समीप एनएच के बीचों-बीच बरगद का विशाल पेड़ गिर जाने से घंटों आवागमन बाधित रहा. इससे एनएच के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. आने-जाने वाले यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा. बाद में स्थानीय प्रशासन की सूचना के बाद जेसीबी के सहयोग से एनएच पर गिरे पेड़ को सड़क से हटाया गया. तब आवागमन सुचारू रूप से बहाल हुआ.
गेहूं व आम की फसल को पहुंचा नुकसान: अनाज खेतों में पड़े हैं. ऐसे में हर एक-दो दिन पर मौसम अपनी रंगत बदल रही है. बदली के साथ हो रहे बूंदा-बांदी से किसान परेशान हैं. आंधी की वजह से खेतों में काटी गयी रबी फसल गेहूं, चना के पांजा बिखर गये. वहीं खलिहान में एकत्रित कर रखी गयी फसल भी उड़कर इधर से उधर चली गयी. तेज आंधी की वजह से आम के पौधे में लगे टिकोरे काफी मात्रा में टूटकर बर्बाद हो गये, जिससे आम के फसल पर बुरा असर पड़ा. कृषि विज्ञान केंद्र गंधार के वैज्ञानिक शोभा रानी के अनुसार आंधी-पानी से गेहूं व आम के फसल को नुकसान पहुंचा है.
दीवार गिरने से तीन जख्मी
रतनी. शकुराबाद थाना क्षेत्र के कुरहारी गांव में दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गये. घायलों में कुसुम देवी, सुनील प्रसाद व विक्रम प्रसाद हैं. घायलों का इलाज रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शकुराबाद में कराया जा रहा है. बताया जाता है कि तेज आंधी के दौरान तीनों लोग अपने घर के छत पर छज्जा से सटकर बैठे हुए थे, तभी छज्जे की दीवार तीनों के शरीर पर गिर गयी. इससे तीनों घायल हो गये. तीन लोगों पर हाथ व सिर में गंभीर चोट लगी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >