पकड़े गये लोगों में एक छात्र रालोसपा का है नेता, दूसरा रंगदारी मांगने का आरोपित
जहानाबाद : पटना पुलिस ने जहानाबाद के शराब तस्कर धीरज एवं रंगदारी के एक मामले में जेल से छूटे रवि टाइगर को उसके गांव कौरी से धर दबोचा है. पटना पुलिस को सूचना मिल रही थी कि धीरज शराब का तस्कर है, जिसका जहानाबाद में बड़ा नेटवर्क रहा है. कई मामले भी उसके ऊपर नगर थाने में दर्ज हैं. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही वह अपना नया ठिकाना अपने गांव में ही बना रखा था, जिसकी भनक पुलिस को भी थी. सूचना के बाद अलर्ट पटना पुलिस बुधवार की अहले सुबह उसके घर की घेराबंदी कर 78 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ धर दबोचा. छापेमारी के क्रम में रवि टाइगर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया.
उसने कुछ ही दिनों पूर्व शहर के कई व्यवसायियों से रंगदारी मांगकर पुलिस की नींद उड़ा दी थी. हालांकि चंद दिनों के अंदर ही पुलिस ने उसे सलाखों के पीछे भेज दिया था. कुछ ही दिनों पूर्व जेल से छूट कर बाहर निकले रवि भी धीरज के साथ शराब के अवैध धंधे में जुड़ गया था. शराब की बोतलें उसके घर से बरामद की गयी है. धीरज शर्मा के बारे में बताया जाता है कि वह छात्र रालोसपा (अरुण गुट) का प्रदेश महासचिव भी है. जिसका ठिकाना जहानाबाद शहर के होरिलगंज (प्रेम नगर) मोहल्ले में भी है.
15 लीटर देसी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार: जहानाबाद. शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग के द्वारा चलाये जा रहे छापेमारी अभियान में बुधवार को एक धंधेबाज 15 लीटर देसी शराब के साथ पकड़ा गया. एक्साइज अधीक्षक सुनील कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के बैरागीबाग के इलाके में अवैध शराब का धंधा किया जा रहा है. बड़े पैमाने पर देसी शराब बनाने के लिए जावा महुआ फूलाया जा रहा है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बैरागीबाग के बधार में छापेमारी की जिसमें बबलू कुमार नामक एक युवक को 15 लीटर देसी दारू के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस को देखकर युवक भागने की कोशिश की जिसे खदेड़कर पकड़ा गया. बताया गया है कि बधार में शराब बनाने के लिए जरकीनों में तकरीबन 4 क्विंटल जावा महुआ फूलाया जा रहा था जिसे नष्ट किया गया. इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गयी है.
