जहानाबाद : सदर अस्पताल के जर्जर भवन को ध्वस्त कर नये सिरे से भवन निर्माण की कवायद शुरू हो गयी है. जिला प्रशासन के द्वारा इसके लिए पहल शुरू हो गयी है. मंगलवार की देर शाम डीएम आलोक रंजन घोष ने अस्पताल का निरीक्षण किया. साथ ही साथ जर्जर हालत वाले भवनों का भी जायजा लिया. इस दौरान डीएम ने करीब एक घंटे तक अस्पताल के विभिन्न कार्यालयों, विभिन्न विभागों के भवनों के अलावा महिला और पुरुष एवं इमरजेंसी वार्ड की स्थिति देखी. निरीक्षण के बाद डीएम ने बताया कि 300 बेड के जिला अस्पताल बनाने की पूर्व में स्वीकृति मिल चुकी है.
फिलहाल जो भवन है वह कई जगहों पर खराब हालत में है. किस जगह से नये भवन का निर्माण शुरू कराना है, इसका उन्होंने गहन अध्ययन किया. उन्होंने बताया कि अस्पताल के जर्जर भवनों की कुछ तस्वीरें कमिश्नर के पास भेजी गयी हैं. निर्माण कार्य शुरू कराने के पूर्व अस्पताल का कामकाज बाधित न हो, इसे लेकर योजना बनायी जा रही है. कहां से भवन निर्माण का कार्य शुरू करना है,
इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है. यदि सरकार का आदेश मिला तो फिलहाल जीएनएम के भवन में अस्पताल को शिफ्ट किया जायेगा. भवन निर्माण कार्य पूरा होने पर जिला अस्पताल नये भवन में संचालित होगा. डीएम ने यह भी बताया कि अस्पताल में समुचित व्यवस्था नहीं रहने की भी शिकायत मिली थी. इसका निरीक्षण किया गया और मरीजों को जीवनरक्षक दवाओं की समुचित ढंग से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक ब्रजभूषण प्रसाद के अलावा कई चिकित्सक उपस्थित थे.
