Jahanabad New : कलेर में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल के स्टार्टअप सेल की ओर से उद्योग विभाग, बिहार सरकार के सहयोग से "पिच डेक प्रिपरेशन" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें 110 से अधिक छात्र-छात्राओं, स्टार्टअप उद्यमियों और नवाचारकर्ताओं ने भाग लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. प्रणव कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
तकनीकी विशेषज्ञों ने साझा किए स्टार्टअप के अनुभव
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला उद्योग केंद्र, अरवल के महाप्रबंधक मनोकामना कुमार को शॉल और पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया. साथ ही पूर्व में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए. पहले तकनीकी सत्र में एयरबान एवं प्लास्टिफ्यूल टेक्नोलॉजी प्रा. लि. के संस्थापक उज्ज्वल कुमार ने प्रभावी पिच डेक तैयार करने के तरीके बताए और लाइव डेमो प्रस्तुत किया.
डिजिटल सुविधाओं और नवाचार मंच की दी जानकारी
दूसरे सत्र में मनीष बिभू ने रेज़रपे राइज प्रोग्राम तथा स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी. अंतिम सत्र में प्रो. अनंत कुमार ने 'सयूज' प्लेटफॉर्म की उपयोगिता पर प्रकाश डाला.
उद्यमिता को बढ़ावा देने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण
मीडिया प्रभारी एवं सहायक प्राध्यापक प्रो. संतोष कुमार ने बताया कि प्राचार्य डॉ. प्रणव कुमार ने स्टार्टअप सेल प्रभारी प्रो. अनंत कुमार, समन्वयक मनीष बिभू और छात्र स्वयंसेवकों की सफल आयोजन के लिए सराहना की. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
