जहानाबाद : शहर के फिदाहुसैन रोड से नगर थाने की पुलिस ने नाबालिग लड़की का अपहरण करने के एक मामले में रामगुलाम मांझी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. पकड़ा गया उक्त व्यक्ति रिश्ते में बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी के समधी हैं. शनिवार को पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है. छापेमारी का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर सुशील कुजूर ने की .
नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर एस के शाही ने बताया कि रानीपुर (भेलावर) गांव के मूल निवासी रामगुलाम मांझी की गिरफ्तारी थाने में पूर्व में दर्ज अपहरण के एक मामले में की गयी है. उनकी गिरफ्तारी का आदेश निकला हुआ था.उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल 2017 को नगर थाने में कांड संख्या 262/17 दर्ज किया गया था.प्राथमिकी की सूचक पूर्व नगर पार्षद प्रभा देवी हैं .उन्होंने दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग लड़की का बहला फुसला कर अपहरण कर लिया गया है.
दर्ज एफआईआर में रविरंजन कुमार नामक युवक के अलावा उसके पिता रामगुलाम मांझी ,इनकी पत्नी चंद्रमणी देवी और मंजू देवी नामक महिला को आरोपित बनाया गया था. रामगुलाम मांझी भू-अर्जन पदाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं.वे रिश्ते में पूर्व सीएम जीतनराम मांझी के समधी हैं.पुलिस के अनुसार प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया था. जिन्हें थाने से पीआर बांड पर मुक्त कर दिया गया था.बाद में उसकी गिरफ्तारी का आदेश निर्गत हुआ था. प्राथमिकी के अनुसंधानकर्ता उक्त पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली की अपहरण मामले का आरोपित रामगुलाम मांझी फिदाहुसैन रोड स्थित अपने घर के समीप घूम रहा है. त्वरित कार्रवाई कर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इस मामले में नगर थाने में आरोपित रामगुलाम मांझी ने कहा कि एक साजिश के तहत उनके खिलाफ झुठा मुकदमा दर्ज किया गया है.मुझे न्यायालय पर भरोसा है.
