घर-घर में कलश स्थापना की हो रही तैयारी
जहानाबाद नगर : गुरुवार को कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र शुरू होगा. नवरात्र आरंभ होते ही मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा अलग-अलग दिनों में की जायेगी. नवरात्र पर कलश स्थापना को लेकर जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में तैयारी युद्धस्तर पर की जा रही है. पूजा-पंडालों में कलश स्थापना की तैयारी करने को लेकर कार्यकर्ता जुटे हुए है. गुरुवार को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश की स्थापना होगी तथा मां भगवती के प्रथम स्वरूप की अराधना होगी.
घरों में भी कलश स्थापना की तैयारी हो रही है. इसके लिए पूजा घरों की साफ-सफाई के साथ ही अन्य तैयारी भी पूरी की गयी है. नवरात्र को देखते हुए बुधवार को बाजार में पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर भीड़ रही. विशेषकर महिला भक्त मां दुर्गा की अराधना के लिए नये वस्त्र के साथ-साथ अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी में लगी थीं. वहीं पुरुष कलश की खरीदारी के साथ-साथ अन्य पूजन सामग्री की खरीद करते देखे गये. शहर में दर्जनों स्थानों पर मां दुर्गा की अराधना भव्य तरीके से की जाती है.
मोदनगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के शारदीय नवरात्र के अवसर पर देवी मंदिरों में साफ-सफाई कर सजाया गया है. प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध देवी मंदिर चरूई काली स्थान पर लोगों की भारी भीड़ दर्शन को उमड़ती है. पटना, नालंदा, गया आदि जिले से लोग मां काली के दर्शन के लिए यहां आते है. मंदिर के पुजारी राकेश तिवारी ने कहा कि लोगों को असुविधा न हो इसके लिए मंदिर प्रशासन की ओर से काफी इंतजाम किया गया है. वहीं जगदम्बा स्थान बड़की अकौना में सजावट की गयी है.
