जहानाबाद : बीते कुछ दिनों पूर्व छात्र राजद के जिलाध्यक्ष शैलेश की गिरफ्तारी के बाद नगर थाने में कथित तौर पर बवाल मचाने के मामले में राजद नेताओं पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. राजद जिलाध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन राही के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने एसपी से मिल कर मामलों से अवगत कराते हुए अपने नेताओं पर हुए झूठे मुकदमे से दोषमुक्त करने की मांग की. जिलाध्यक्ष ने नगर थाने के एक एसआई पर पूर्वाग्रह से भी ग्रसित होने का आरोप लगाया है.
नेताओं का कहना है कि हमारे साथी की गिरफ्तारी के बाद समर्थक थाना मिलने गये थे. साथ ही मामले की जानकारी एसआई से लेनी चाही, लेकिन एसआई के द्वारा टाल-मटोल करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया. बाद में पता चला कि पार्टी के कुछ नेताओं पर मुकदमे भी दर्ज करा दिये हैं.
राजद के प्रवक्ता शशिरंजन उर्फ पप्पू यादव एवं युवा राजद के प्रधान महासचिव संजय पर लगे आरोप को झूठा और मनगढ़ंत बताया. प्रतिनिधि मंडल ने कहा है कि मामले की अपने स्तर से निष्पक्ष जांच कराएं ताकि झूठे मुकदमे का पर्दाफाश हो सके. प्रतिनिधि मंडल में राजद जिला उपाध्यक्ष परमहंस राय, प्रधान महासचिव मनोज यादव, नगर अध्यक्ष बैकुंठ यादव, राजद नेता संजय कुमार, मृत्युंजय यादव रहे.
