जहानाबाद : घोसी सड़क मार्ग में भेलावर ओपी के भरथुआ नहर के समीप बुधवार की सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक से कुचल कर एक वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे में वृद्ध का पुत्र और एक अन्य ग्रामीण घायल हो गये. मृतक बृजनंदन प्रसाद (70 वर्ष) घोसी थाना क्षेत्र के वीरूपुर गांव के निवासी थे. उसी गांव के निवासी मदन शर्मा और वृद्ध का पुत्र अनुज प्रसाद दुर्घटना में घायल हो गये. जिनका इलाज अस्पताल में कराया गया. घटना के बाद चालक ट्रक समेत जहानाबाद की ओर फरार हो गया.
सूचना पाकर भेलावर ओपी के प्रभारी अमन आनंद घटनास्थल पर पहुंचे और शव को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया. घटना के संबंध में बताया गया है कि उक्त तीनों व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पूर्वाह्न करीब 5:30 बजे घोसी से जहानाबाद आ रहे थे. जब वह भरथुआ नहर के समीप से गुजर रहे थे उसी दौरान घोसी की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने बाइक में पीछे से धक्का मार दिया,
जिसमें बृजनंदन प्रसाद सड़क पर गिर पड़े और ट्रक ने उन्हें कुचल दिया. घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गयी. उनका पुत्र और ग्रामीण सड़क की दूसरी ओर जा गिरे, गंभीर चोट लगने के कारण वह भी घायल हो गये.
