जहानाबाद : नगर थाना क्षेत्र के कड़ौना ओपी अंतर्गत रघुनाथपुर गांव के समीप एनएच 83 पर सोमवार शाम करीब 6:30 बजे एक वाहन से कुचल कर शिवानी कुमारी नामक सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. मृत बच्ची रघुनाथपुर गांव की निवासी थी. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तकरीबन डेढ़ घंटे तक एनएच 83 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों किनारे वाहनों की लंबी कतार लग गयी. घटना के संबंध में बताया गया है कि उक्त बच्ची सड़क क्रॉस कर रही थी उसी दौरान जहानाबाद से पटना की ओर तेज रफ्तार में जा रहे एक प्राइवेट सिक्यूरिटी कंपनी के वाहन चालक ने बच्ची को कुचल दिया और फरार हो गया.
घटनास्थल पर ही उक्त बच्ची ने तड़प कर दम तोड़ दिया. इस घटना से गांव के लोग उत्तेजित हो गये और शव के साथ सड़क जाम कर नारेबाजी की. आक्रोशित लोग गांव के समीप स्पीड ब्रेकर बनाने और मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. जाम के दौरान आक्रोशित लोग पुलिस की एक नहीं सुन रहे थे. सूचना पाकर एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव जाम स्थल पर पहुंचे और विधि-सम्मत मांग पूरा करने का आश्वासन दिया तब सड़क जाम समाप्त हुआ.
