गंदगी से महामारी फैलने की आशंका

जहानाबाद : स्थानीय रेलवे स्टेशन प्रांगण के दक्षिणी भाग में स्थित रेलवे कॉलोनी में गंदगी और जलजमाव के कारण महामारी फैलने का डर रेलवे कर्मियों को सता रहा है. उक्त कॉलोनी में तकरीबन 90 क्वार्टर ऐसे हैं, जिसमें स्टेशन प्रबंधक, एएसएम, बुकिंग क्लर्क समेत अन्य पदों पर काम करने वाले रेलवेकर्मी रहते हैं. एक तरफ […]

जहानाबाद : स्थानीय रेलवे स्टेशन प्रांगण के दक्षिणी भाग में स्थित रेलवे कॉलोनी में गंदगी और जलजमाव के कारण महामारी फैलने का डर रेलवे कर्मियों को सता रहा है. उक्त कॉलोनी में तकरीबन 90 क्वार्टर ऐसे हैं, जिसमें स्टेशन प्रबंधक, एएसएम, बुकिंग क्लर्क समेत अन्य पदों पर काम करने वाले रेलवेकर्मी रहते हैं. एक तरफ पुराने क्वार्टरों की हालात ठीक नहीं है,ऊपर से पानी का निकास नहीं होने के कारण लोगों के घरों के पास ही गंदगी फैली रहती है.

बरसात के इस मौसम में संकट बढ़ गया है. कारण गंदे पानी की निकास की समुचित व्यवस्था नहीं रहना. परिणाम यह हो रहा है कि बारिश होते ही संपूर्ण रेलवे कॉलोनी जलमग्न हो जाती है. क्वार्टर के ग्राउंड फ्लोर में रहने वाले कर्मियों के आंगन में घुटने भर गंदा पानी जमा हो जाता है. बीमारी नहीं फैले, इस कारण कर्मचारी अपने स्तर से फिनाइल या ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करते हैं, लेकिन ऐसी स्थिति कब तक रहेगी, क्या इसका समाधान होगा?

या यूं ही रेलवे कर्मी जलजमाव और गंदगी से जूझते हुए बदहाल जीवन जीने पर विवश रहेंगे, यह सवाल रेलवेकर्मियों के जेहन में लंबे समय से कौंध रहा है. रेल प्रशासन के द्वारा इस जटिल समस्या का समाधान करने के कोई उपाय नहीं किये जा रहे हैं. फलस्वरूप व्यवस्था के प्रति कर्मियों में भारी क्षोभ व्याप्त है.

क्वार्टर और परिसर की बदहाली के संबंध में पूर्व में कई बार रेलवे के अधिकारियों को सूचित किया गया. नाला निर्माण अधूरा छोड़ और मुहाने की उड़ाही किये बगैर काम क्यों बंद कर दिया गया, इसकी सुधी लेने वाला कोई नहीं है. क्वार्टरों में रहने वाले रेलवे कर्मियों की परेशानी बरसात के दिनों में ज्यादा बढ़ जाती है. गंदगी के कारण बीमारी फैलने की आशंका से क्वार्टर में रहने वाले लोग चिंतित हैं.
चौधरी नरेंद्र कुमार ,स्टेशन प्रबंधक
संवेदक की लापरवाही से जाम पड़ा है मेन नाला
रेलवे परिसर और कॉलोनी से गंदे पानी का निकास हो, इसके लिए लंबा नाला बना हुआ है. जर्जर हालत रहने के कारण लाखों रुपये की लागत से नाले की मरम्मत और नया नाला निर्माण शुरू किया गया था. थोड़ा काम करने के बाद संवेदक ने काम बंद कर दिया. बताया जाता है कि पेट्रोल पंप के समीप मेन नाले का मुहाना पूरी तरह जाम है. इस कारण रेलवे परिसर और कॉलोनी से गंदे पानी का बहाव पूरी तरह अवरुद्ध है. फिलहाल बरसात के मौसम में कई दफे ऐसी स्थिति उभरी कि पूरा स्टेशन परिसर और कॉलोनियों में पानी लबालब भर गया. धूप निकलने पर अब उससे सड़ांध फैल रही है. बीमारी फैलने का डर लोगों को सता रहा है.
कुछ ही दिनों पूर्व डीआरएम ने भी निरीक्षण के दौरान वाहन पार्किंग में जलजमाव का नजारा देखा था और समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति में तनिक भी सुधार नहीं हुआ. वर्तमान समय में बदहाली का आलम यह है कि कॉलोनी और रेलवे परिसर में गंदगी बजबजा रही है. महामारी फैलने के डर से रेलवे कर्मी बेहद चिंतित हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >