जहानाबाद. नगर थाना क्षेत्र के कड़ौना ओपी अंतर्गत कनौदी गांव के समीप रविवार की शाम एक व्यक्ति ने झांसा देकर अपनी पत्नी को उसके मायके से बुलाया और उसकी बेरहमी से बीच सड़क पर पिटाई कर दी. बेहोशी की हालत में घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है. वह अभी कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है.
सूचना पाकर अस्पताल में पहुंची कड़ौना ओपी की पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस इस घटना का कारण पारिवारिक विवाद बता रही है. घटना के संबंध में बताया गया है कि धनगावां गांव निवासी शिवानी कुमारी का विवाह चार माह पूर्व बैरमचक (नदौल) गांव के निवासी प्रकाश विंद के साथ हुआ था और उसका विवाद चल रहा था.
वह अपने मायके में धनगावां गांव में रह रही थी. बताया गया है कि उसके पति ने झांसा देकर उसे कनौदी गांव के समीप बुलाया और लाठी-डंडे से पीट-पीट कर उसे अधमरा कर दिया. समीप के ही कुछ लोगों ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया. उसके एक पहचान वाले के अनुसार पारिवारिक विवाद में ही उसके पति ने उसके साथ मारपीट की है. घटना के वास्तविक कारण का पता चलेगा.
