जहानाबाद सदर : शहर के राजाबाजार में सड़कों पर इन दिनों अतिक्रमणकारियों का कब्जा है. इस कारण वाहनों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
रेलवे पुल से लेकर मुरलीधर हाईस्कूल तक सड़कों पर यहां-वहां बेतरतीब ढंग से टेंपो एवं ट्रैक्टर की पार्किंग रहती है, जिसके कारण लोगों को राजाबाजार में सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. वहीं, मुरलीधर हाईस्कूल के गेट के समीप सड़क पर अवैध तरीके से गिट्टी गिरा कर खरीद-बिक्री की जा रही है. साथ ही दुकानदार द्वारा भी अपनी-अपनी दुकान के आगे सड़क को अतिक्रमित किया गया है.
पैदल फुटपाथ पर भी अतिक्रमणकारियों ने इस तरह से कब्जा जमा लिया है कि लोगों को पैदल चलना मुश्किल हो गया है. इसके अलावा सड़क पर फुटपाथी दुकानदार यहां-वहां सड़कों पर ठेला लगाये हुए रहते हैं. सड़कों पर अतिक्रमणकारियों के कब्जे के कारण राजाबाजार में सड़क सिमट गयी है. ज्ञात हो कि तीन माह पूर्व एसडीओ डाॅ नवल किशोर चौधरी द्वारा रेलवे पुल के नीचे लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए राजाबाजार में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण से मुक्त करवा दिया गया था, लेकिन अतिक्रमणकारियों ने सड़कों पर पुन: कब्जा जमाना शुरू कर दिया है.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
राजाबाजार में सड़क पर पुन: अतिक्रमण की शिकायत मिली है. इसको लेकर सख्त रवैया अपनाया जायेगा. आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करेंगे.अतिक्रमण के खिलाफ पुन: अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जायेगा तथा अतिक्रमणकारियों को दंडित भी किया जायेगा.
डाॅ नवल किशोर चौधरी, एसडीओ, जहानाबाद
