मसौढ़ी : गौरीचक थाना के खैरा गांव के पास शनिवार की शाम ईंट से लदा ट्रैक्टर चालक के संतुलन खो जाने की वजह से सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गया . हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे एक मजदूर पुनपुन के तेलियान निवासी नीतीश कुमार (33) की दबने मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि ट्रैक्टर का चालक व उस पर बैठा एक अन्य मजदूर कूद कर फरार हो गये .बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला जा सका .पुलिस शव बरामद कर थाना ले आयी है .
जानकारी के अनुसार पुनपुन से ईंट लेकर ट्रैक्टर गौरीचक के रास्ते जा रहा था .इसी बीच खैरा गांव के पास चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गया. थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है . पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है. ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है.
