जहानाबाद नगर : आक्रोश दिखाओ शिक्षा बचाओ अभियान के तहत आगामी नौ अगस्त को राष्ट्रीय लोक समता पार्टी द्वारा प्रदेश में चक्का जाम किया जायेगा. पार्टी सुप्रीमो सह केंद्रीय राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा चक्का जाम कर शिक्षा बचाने का संकल्प लिया जायेगा. इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलाध्यक्ष पिंटू कुशवाहा की अध्यक्षता में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक जिला कार्यालय में हुई.
बैठक में सभी प्रखंडों के अध्यक्ष एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए. प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा ने कहा कि बिहार सरकार की गलत शिक्षा नीति के कारण पूरे प्रदेश में शिक्षा के स्तर में लगातार गिरावट हो रही है. ऐसे में रालोसपा बिहार में गिरती शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ लगातार चरणबद्ध तरीके से आंदोलन कर रही है. बैठक में सर्वसम्मति से यह तय हुआ कि 25 जुलाई से पांच अगस्त तक सभी प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्ष के नेतृत्व में बैठक की जायेगी तथा आम लोगों से चक्का जाम अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया जायेगा.
जिलाध्यक्ष पिंटू कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा के स्तर पर सुधार के लिए पार्टी द्वारा हमेशा अपनी आवाज बुलंद की गयी है. शिक्षा के माध्यम से ही समाज में तरक्की व खुशहाली लायी जा सकती है. बैठक में हरिशंकर पंडित,अजय कुमार, सुमित्रा देवी, राकेश दास, संजीव कुमार, उमानाथ कुमार, अरविंद दांगी आदि शामिल थे.
