जहानाबाद नगर : स्वच्छ भारत मिशन एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत जिले को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए चयनित उत्प्रेरकों का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संपन्न हो गया. स्थानीय नगर भवन में चले प्रशिक्षण में समुदाय संचालित संपूर्ण स्वच्छता पर जोर दिया गया.
उत्प्रेरक अगले चार महीने में पंचायत स्तर पर अलग-अलग तरह के गतिविधियों के माध्यम से लोगों को व्यवहार परिवर्तन करके पंचायत को खुले में शौच से मुक्त करेंगे. इस अभियान के दौरान विद्यालय एवं आंगनबाड़ी स्तर पर बच्चों के बीच स्वच्छता के विभिन्न प्रकार के गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया जायेगा. वार्ड स्तर पर महिला एवं पुरुषों की अलग-अलग निगरानी समिति का गठन किया जायेगा. दो अक्तूबर 2017 तक जिले के दो प्रखंड मोदनगंज एवं काको को खुले में शौच से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है.
कार्यशाला का विधिवत समापन जिला पदाधिकारी जहानाबाद, उपविकास आयुक्त जहानाबाद, अनुमंडल पदाधिकारी जहानाबाद ने किया. डीएम ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे लोगों को शौचालय बनाने तथा उसका उपयोग करने के लिए जागरूक करें, ताकि खुले में शौच से होने वाली बीमारियों से लोगों को मुक्ति मिलें. साथ ही जिला खुले में शौच से मुक्त हो सके.
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर यूनिसेफ के प्रतिनिधि आशीष सिन्हा, फीडबैक फाउंडेशन के ज्योति प्रकाश, डीपीएम जीविका, जिला स्वच्छ भारत प्रेरक, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारन्वएवं अन्य पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
