Jehanabad News (रमेश कुमार) : मखदुमपुर प्रखंड के श्रीपुर गांव निवासी भोजपुरी गायक चुन्नू लाल यादव उर्फ निर्भय कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ कथित अभद्र भाषा और गाली-गलौज से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी गायक की गिरफ्तारी बुधवार को स्थानीय पुलिस द्वारा की गई.
पटना सोशल मीडिया सेल के निर्देश पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए घोषी-2 एसडीपीओ कृति कमल ने बताया कि पटना सोशल मीडिया सेल के निर्देश पर इस मामले को लेकर स्थानीय थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई थी. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अनुसंधान में जुटी थी, जिसके तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गायक को उसके पैतृक गांव श्रीपुर से धर-दबोचा गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था आपत्तिजनक वीडियो
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पूर्व चुन्नू लाल यादव द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था. इस वीडियो में मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा और बेहद आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था. वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद यह पूरा मामला सोशल मीडिया सेल के संज्ञान में आया, जिसके आधार पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई.
क्या कहती हैं अधिकारी:
मामले को लेकर घोषी-2 एसडीपीओ कृति कमल ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक, भड़काऊ एवं अभद्र सामग्री प्रसारित करने के मामलों को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है. ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी जांच और प्रक्रिया में जुटी हुई है.
Also Read: बिहार के 120 स्कूलों में होगी मिड डे मील की जांच, बच्चों के खाने के सैंपल लेकर परखी जाएगी गुणवत्ता
