JDU New: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की पार्टी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में अपना आधार बढ़ाने की हर मुमकिन कोशिश में जुट गयी है. जदयू (JDU) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने रविवार को दिल्ली में दिल्ली प्रदेश की बैठक बुलाई थी. इसमें उन्होंने कहा कि जदयू दिल्ली में अपने जनाधार का विस्तार करेगी. साथ ही दिल्ली नगर निगम चुनाव में शामिल होगी. दिल्ली के नगर निगम और उसके बाद अन्य चुनावों में जदयू दमखम दिखाएगी और दिल्ली फतह की ओर कदम बढ़ाएगी.
पार्टी अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया के साथ ही दूसरे प्रचार प्रसार माध्यमों का पूरा इस्तेमाल करें जिससे पार्टी और इसके कार्यक्रमों के बारे में लोगों को पता चल सके. रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि देश में ऐसे कई राजनीतिक दल हैं जो काम के नाम पर कुछ नहीं करते हैं, पर प्रचार और प्रसार के कारण सत्ता में आ जाते हैं.
कार्यक्रम में पहुंचे दिल्ली में रह रहे बिहार वासियों ने कोरोना काल में तत्काल सहायता राशि भेजने और भोजन की व्यवस्था कराने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया. समारोह में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव एवं दिल्ली के प्रभारी संजय कुमार झा भी मौजूद थे.
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी के दिल्ली प्रदेश प्रभारी संजय कुमार झा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार सरकार के अच्छे कामों की जानकारी का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया. इसके तहत लोगों से मिलकर और सोशल मीडिया के जरिए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए लोगों से कहा.
JDU अन्य राज्यों में संगठन के विस्तार के लिए बनाया प्लान
जदयू अन्य राज्यों में संगठन विस्तार के लिए कोऑर्डिनेटर नियुक्त करेगा. कोऑर्डिनेटर के साथ संबंधित राज्यों के लिए बनाये गये प्रभारियों को जोड़ा जायेगा. उनके माध्यम से संगठन पर काम होगा. फिलहाल पार्टी ने संगठन विस्तार की तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है. इसके तहत मुख्य रूप से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में बेहतर रणनीति के तहत काम शुरू हो चुका है.
पार्टी सूत्रों का कहना है कि फिलहाल पार्टी का ध्यान बिहार के लिए राज्य कमिटी और इसके बाद राष्ट्रीय कमिटी के पुनर्गठन पर है. इसके बाद ही समर्पित नेताओं को कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी जायेगी. पार्टी ने पड़ोसी राज्यों के बिहार से सटे जिलों में विशेष रूप से पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति बनायी है. इसके तहत जिलों का चयन कर रूपरेखा को अंतिम रूप देने की तैयारी की जा रही है.
Posted By: Utpal Kant
