24 घंटे बाद उलाय नदी से मिला लापता युवक का शव, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

जमुई के झाझा में उलाय नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया 22 वर्षीय आशीष पासवान का शव 24 घंटे बाद बरामद हुआ। परिजनों ने एक युवक और उसके जीजा पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

झाझा (जमुई). थाना क्षेत्र की जामुखेरेईया पंचायत अंतर्गत खूरीपरास गांव निवासी 22 वर्षीय आशीष पासवान का शव गुरुवार अपराह्न उलाय नदी के सतीघाट से बरामद किया गया. आशीष बुधवार को दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, जिसके बाद अचानक लापता हो गया था. करीब 24 घंटे बाद उसका शव गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर नदी से बरामद हुआ. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है.

दोस्तों के साथ नहाने गया था आशीष, फिर नहीं लौटा घर

परिजनों के अनुसार बुधवार अपराह्न आशीष कुछ दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए घर से निकला था. उसके साथ गए अन्य युवक अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन आशीष वापस नहीं आया. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उसकी विधवा मां शकुंतला देवी और अन्य परिजनों ने खोजबीन शुरू की.

इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर युवक की सकुशल बरामदगी की गुहार लगायी. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी उसकी तलाश शुरू कर दी.

एनडीआरएफ की टीम ने नदी में चलाया खोज अभियान

गुरुवार को एनडीआरएफ की तीन सदस्यीय टीम ने नदी में खोजबीन शुरू की. काफी प्रयास के बाद सतीघाट के समीप नदी की गहराई से आशीष का शव बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में भी शोक की लहर दौड़ गयी.

परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

मृतक की मां शकुंतला देवी ने पुलिस को बताया कि करीब 10 दिन पहले गांव के एक व्यक्ति के जीजा, जो खसिया गांव का रहने वाला है, ने फोन पर उनके बेटे को धमकी दी थी. मां के अनुसार आशीष को एक युवती से बातचीत बंद करने के लिए कहा गया था और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गयी थी.

शकुंतला देवी ने बताया कि धमकी मिलने के बाद परिवार ने आशीष का मोबाइल अपने पास रख लिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार को गांव के अभिमन्यु, उसका जीजा और कुछ अन्य युवक आशीष को नदी में नहाने की बात कहकर अपने साथ ले गए थे.

पूछताछ में नदी जाने की बात सामने आने का दावा

परिजनों के अनुसार काफी देर तक आशीष के घर नहीं लौटने पर उन्होंने उसके साथ गए युवकों से पूछताछ की. आरोप है कि शुरुआत में युवकों ने नदी जाने की बात से इनकार किया. बाद में पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर दो युवकों ने आशीष के साथ नदी में नहाने जाने की बात स्वीकार की. इन परिस्थितियों के आधार पर परिजनों ने आशंका जतायी है कि आशीष को लापता कर उसके साथ कोई अनहोनी की गयी है. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

हादसे में 2024 में हो चुकी है पिता की मौत

बताया जाता है कि आशीष के पिता की वर्ष 2024 में बेंगलुरु में एक हादसे में मौत हो गयी थी. परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आशीष भी बेंगलुरु की एक फैक्ट्री में काम करता था. वह करीब तीन माह पहले ही घर लौटा था. युवक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर कर रही जांच

थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता से युवक की तलाश शुरू कर दी थी. एनडीआरएफ की मदद से नदी से शव बरामद कर लिया गया है. आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतांबर सिंह

ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >