जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरबा मटिहाना के समीप सुपाड़ बहियार में बीते सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में धान की रोपाई कर रही 28 वर्षीय महिला पूजा देवी की वज्रपात (ठनका) की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनके साथ मौजूद सास इस हादसे में बाल-बाल बच गईं.
शाम को खेत में धान रोपने के दौरान हुआ हादसा
मृतका की पहचान गोरबा मटिहाना गांव निवासी मिथिलेश मंडल की 28 वर्षीय पत्नी पूजा देवी के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम पूजा अपनी सास कविता देवी के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर सुपाड़ बहियार स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने गई थीं. शाम ढलने के वक्त जब रोपाई का काम लगभग पूरा ही होने वाला था, तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान गड़गड़ाहट के साथ भीषण वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से सास और बहू दोनों खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़ीं.
होश आने पर सास ने मचाया रोना-पीटना, जल गए थे कपड़े
थोड़ी देर बाद जब सास कविता देवी को होश आया, तो उन्होंने अपनी बहू को अचेत देखा और चीख-पुकार मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया. वज्रपात का प्रभाव इतना तीव्र था कि पूजा देवी के कपड़े भी जल चुके थे. स्थानीय ग्रामीण जब तक पूजा को उठाकर अस्पताल या घर ले जाने की व्यवस्था करते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
परिवार में मचा कोहराम, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
घटना की जानकारी मिलते ही सोनो थाने के एसआई धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका के पति बाहर रहकर मजदूरी का काम करते हैं. पूजा अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं. जैसे ही मृतका का शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया.
