जमुई . चुनाव आयोग ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है. इसके तहत बिहार में कुल दो चरणों में चुनाव कराये जायेंगे. पहले चरण में छह नवंबर को मतदान होना है, जबकि दूसरे चरण में 11 नवंबर को जमुई जिला में मतदान होना है. मतगणना 14 नवंबर को किया जायेगा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री नवीन ने जानकारी देते हुए बताया कि जमुई जिले के सभी चारों विधानसभा सिकंदरा, झाझा, जमुई और चकाई को लेकर सोमवार 13 अक्तूबर को अधिसूचना जारी की जायेगी. इसके बाद नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो जायेगी. 20 अक्तूबर तक नामांकन करने की अंतिम तारीख होगी. 21 अक्तूबर को सभी नामांकन प्रपत्र की संवीक्षा की जायेगी तथा 23 अक्तूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं. बताते चलें कि जमुई जिले के सभी चार विधानसभा को मिलाकर इस बार कुल 12 लाख से भी अधिक मतदाता चुनाव में हिस्सा लेंगे.
सबसे अधिक झाझा विधानसभा में मतदाता
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा बताया गया है कि जमुई जिले में इस बार कुल कुल 12 लाख 70 हजार 207 मतदाता भाग लेंगे. जिसमें 6 लाख 64 हजार 729 पुरुष मतदाता व 6 लाख 5 हजार 460 महिला मतदाता शामिल हैं. इस बार जमुई जिले में कुल 18 थर्ड जेंडर मतदाता चुनाव प्रक्रिया में भाग लेंगे. 240 सिकंदरा(आ. जा.) विधानसभा में कुल 1 लाख 57 हजार 367 पुरुष मतदाता, 1 लाख 43 हजार 111 महिला मतदाता और एक थर्ड जेंडर को मिलाकर तीन लाख 479 मतदाता मतदान में भाग लेंगे. 241 जमुई विधानसभा में 1 लाख 62 हजार 867 पुरुष मतदाता, 1 लाख 48 हजार 884 महिला मतदाता व 3 थर्ड जेंडर मतदाता को मिलाकर 3 लाख 11 हजार 754 मतदाता मतदान में भाग लेंगे. 242 झाझा विधानसभा में सबसे अधिक 1 लाख 77 हजार 241 पुरुष मतदाता, 1 लाख 61 हजार 785 महिला मतदाता और 10 थर्ड जेंडर मतदाता को मिलाकर 3 लाख 39 हजार 36 मतदाता मतदान में भाग लेंगे. जबकि 243 चकाई विधानसभा में 1 लाख 67 हजार 254 पुरुष मतदाता, 1 लाख 51 हजार 680 महिला मतदाता और 4 थर्ड जेंडर मतदाता को मिलाकर 3 लाख 18 हजार 938 मतदाता अपने मतदान में भाग लेंगे.बनाये जायेंगे 1595 मतदान केंद्र
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर इस बार जिले के सभी चार विधानसभा को मिलाकर कुल 1595 मतदान केंद्र बनाये जायेंगे. जिसमें सबसे अधिक झाझा विधानसभा में 413 मतदान केंद्र बनाये जायेंगे. जबकि चकाई विधानसभा में 410 मतदान केंद्र, जमुई विधानसभा में 396 मतदान केंद्र और सिकंदरा विधानसभा में 376 मतदान केंद्र बनाये जायेंगे. इन सभी मतदान केंदों में 135 शहरी मतदान केंद्र तथा 1460 ग्रामीण मतदान केंद्र हैं. कई ऐसे मतदान केंद्र भी बनाये गये हैं जहां एक मतदान भवन में एक या एक से अधिक बूथ बनाये गये हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सिकंदरा में 114, जमुई में 92, झाझा में 107 तथा चकाई विधानसभा में 146 ऐसे मतदान केंद्र हैं जहां एक भवन में केवल एक मतदान केंद्र बनाया गया है. जबकि सिकंदरा विधानसभा में 88, जमुई विधानसभा में 104, झाझा विधानसभा में 108 तथा चकाई विधानसभा में 105 ऐसे मतदान केंद्र है जहां एक भवन में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सिकंदरा विधानसभा में 26, जमुई विधानसभा में 19, झाझा विधानसभा में 26 तथा चकाई विधानसभा में 18 ऐसे भवन है जहां एक भवन में तीन मतदान केंद्र बनाये गये हैं. सिकंदरा विधानसभा में 2, जमुई विधानसभा में 6 तथा झाझा विधानसभा में 3 मतदान केंद्र को मिलाकर कुल 11 ऐसे मतदान भवन है जहां एक ही भवन में 4 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. जबकि जमुई के 3 मतदान भवन ऐसे भी हैं जहां एक ही भवन में कुल 5 मतदान केंद्र बनाये गये हैं.12 फ्लाइंग स्क्वाड व 15 स्टेटिक टीम का किया गया है गठन
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया भयमुक्त एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न करने के लिए 12 फ्लाइंग स्क्वायड तथा 15 स्टेटिक टीम का गठन किया गया है. उन्होंने बताया कि इसे लेकर सभी विधानसभा में तीन-तीन फ्लाइंग स्क्वायड का गठन किया गया है. जबकि सिकंदरा विधानसभा में तीन, जमुई विधानसभा, झाझा और चकाई विधानसभा में चार-चार को मिलाकर कुल 15 स्पेशल स्टेटिक टीम बनाया गया है. इसके अलावा सभी विधानसभा के लिए एक-एक ऑब्जर्वर और दो दो वीएसटी को नियुक्त किया गया है. चुनाव को लेकर अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा को सिकंदरा विधानसभा, अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार को जमुई विधानसभा, उप विकास आयुक्त सुभाषचंद्र मंडल को झाझा विधानसभा तथा समाहर्ता भूमि सुधार सुजीत कुमार को चकाई विधानसभा का निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. सिकंदरा विधानसभा को लेकर प्लस टू उच्च विद्यालय जमुई बाजार, जमुई विधानसभा को लेकर प्लस टू उच्च विद्यालय जमुई, झाझा और चकाई विधानसभा को लेकर केकेएम कॉलेज जमुई में डिस्पैच सेंटर बनाया गया है. मतदान के बाद मतों के गणना की पूरी प्रक्रिया केकेएम कॉलेज में की जायेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
