श्राद्ध का भोज खाकर लौट रहे साला-बहनोई पर तलवार से हमला, दो गंभीर रूप से घायल; सदर अस्पताल में भर्ती

जमुई जिले में श्राद्ध का भोज खाकर लौट रहे दो युवकों पर तलवार और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला हुआ है. इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत केवली गांव के समीप शुक्रवार की देर रात रिश्तेदार के घर से श्राद्ध का भोज खाकर बाइक से लौट रहे दो युवकों पर कुछ लोगों ने तलवार और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की पहचान लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के तरौन गांव निवासी पंकज तांती (पिता- महेंद्र तांती) और केवली गांव निवासी धीरज तांती (पिता- भुना तांती) के रूप में हुई है. दोनों रिश्ते में साला-बहनोई हैं.

रास्ता रोककर तलवार से किए कई वार

सदर अस्पताल में इलाज करा रहे पीड़ित पंकज तांती ने बताया कि वह अपने साले धीरज तांती के साथ बाइक पर सवार होकर टाउन थाना क्षेत्र के पतौना गांव स्थित रिश्तेदार के घर से भोज खाकर लौट रहे थे:

  • अचानक किया हमला: जैसे ही वे केवली गांव के पास पहुंचे, पूर्व से घात लगाए नकलेश तांती, छोटू उर्फ डीलर तांती व उनके अन्य सहयोगियों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी.
  • तलवार से हमला: आरोपियों ने तलवार निकालकर दोनों के शरीर पर कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े.

पुरानी रंजिश और मुकदमे से जुड़ा है मामला

घायलों ने बताया कि दो दिन पूर्व भी धीरज तांती के साथ मारपीट की योजना बनाई गई थी, जिसकी भनक मिलने पर पंकज ने विरोध जताया था.

  • पूर्व में दर्ज कराया था केस: लक्ष्मीपुर थाना में इस बाबत पूर्व में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई थी. घायलों का आरोप है कि दर्ज कराए गए इसी मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था और रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया.
  • मुखिया पति पर उकसाने का आरोप: पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि गौरा पंचायत के मुखिया पति गोरेलाल तांती के इशारे पर नकलेश तांती और छोटू उर्फ डीलर तांती ने इस हिंसक वारदात को अंजाम दिया है.

इलाके में तनाव, पुलिस मामले की जांच में जुटी

घटना के बाद से क्षेत्र में दो पक्षों के बीच तनाव का माहौल व्याप्त है. पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

स्थानीय पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और घायलों का बयान दर्ज किया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >