हरना विद्यालय में एक माह में दो शिक्षक निलंबित

प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरना (हिंदी) में महज एक माह के भीतर दो शिक्षक-शिक्षिकाओं को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है.

झाझा. प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरना (हिंदी) में महज एक माह के भीतर दो शिक्षक-शिक्षिकाओं को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, विद्यालय की प्रभारी रानी शुभा को बीते 23 मार्च को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा निलंबित किया गया. जारी निलंबन पत्र में उल्लेख किया गया है कि उन्होंने आकस्मिक एवं अन्य अवकाश लिया, जिसकी प्रविष्टि ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर नहीं पायी गयी. इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए पहले उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं होने पर निलंबन की कार्रवाई की गयी. निलंबन अवधि में उनका कार्य प्रखंड शिक्षा कार्यालय में निर्धारित किया गया है तथा अलग से आरोप पत्र गठित किया जा रहा है. वहीं, दूसरे मामले में शिक्षक रीति राज रंजन को भी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा निलंबित किया गया है. उन पर कर्तव्य में लापरवाही, मनमाने ढंग से कार्य करने तथा उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप है. निलंबन अवधि में उन्हें प्रखंड मुख्यालय स्थित संसाधन केंद्र में योगदान करने का निर्देश दिया गया है. उनके विरुद्ध भी अलग से आरोप पत्र जारी किया जा रहा है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय में कुल तीन शिक्षक-शिक्षिका पदस्थापित थीं, जिनमें से दो के निलंबन के बाद अब केवल एक शिक्षिका श्रेया सनातन बची हैं. उन्हें प्रभारी बनाने की प्रक्रिया चल रही है और इसके लिए पत्र निर्गत किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित शैक्षणिक कार्यक्रमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जायेगा. इसके लिए विभाग लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >