गांव में लटक रहे 11 हजार वोल्ट तार से दहशत, लोगों ने जताया आक्रोश

जिले के खैरा प्रखंड क्षेत्र के अमारी गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों की जान पर खतरा मंडरा रहा है.

जमुई. जिले के खैरा प्रखंड क्षेत्र के अमारी गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों की जान पर खतरा मंडरा रहा है. गांव के बीचों-बीच पिछले करीब दो वर्षों से 11 हजार वोल्ट का हाइटेंशन झूल रहा है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों को शिकायत की गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है. स्थिति इतनी खतरनाक है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पूर्व गांव के टुनटुन यादव करंट की चपेट में आ गये थे. हालांकि, समय रहते उनकी जान बच गई, लेकिन इस घटना के बाद भी विभाग ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया. लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान लोगों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे. मौके पर श्रीकांत यादव, रामटहल यादव, गुरुदेव यादव, नीतीश कुमार, सुबोध यादव, फंटूश यादव, रामदयाल यादव और नुनेश्वर यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद थे. सभी ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >