बरहट . थाना क्षेत्र के टेंगहरा गांव में सोमवार की रात पारिवारिक कलह के कारण एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया. गनीमत रही कि समय रहते परिजनों की उस पर नजर पड़ी और युवक को फंदे से उतारकर आनन-फानन में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल युवक की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. युवक की पहचान जितेंद्र कुमार, पिता छोटन यादव, साकिन टेंगहरा गांव (बेरिया टोला) के रूप में की गयी है. परिजनों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले जितेंद्र का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था. इसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गयी थी. तभी से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था. सोमवार की रात उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. चिकित्सकों के अनुसार, युवक की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज जारी है. बरहट थाना प्रभारी कुमार संजीव ने बताया कि उन्हें इस प्रकार की कोई सूचना नहीं मिली है. मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
