सोनो. बटिया के झुमराज बाबा मंदिर व पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर स्थित दुर्गा माता मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है. मंदिर के अलावे सड़कों के ऊपर भी सुंदर सीलिंग व लाइटिंग की सजावट की गई है. भव्य पंडाल, रंगीन बल्ब और एलईडी लाइट से मंदिर परिसर सहित पूरा बाजार जगमग करने लगा है. पूजा समिति के सदस्यों द्वारा पूरी मुस्तैदी से कार्य निपटाया जा रहा है. हर तरफ दुर्गा पूजा मेला की तैयारी की जा रही है. मंदिर परिसर में कलश स्थापना के दिन से ही सुबह शाम श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है. संध्या आरती में सैकड़ो भक्त शामिल होते है. निर्बाध बिजली आपूर्ति हेतु मंदिर कमेटी की ओर से जनरेटर भी लगाए गए हैं. दुर्गा मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष चंद्रदेव यादव व समाजसेवी लालू बरनवाल ने बताया कि मेला के दिन मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तमाम इंतजाम किए जा रहे है. प्रशासन के साथ मिलकर समिति सदस्य श्रद्धालुओं का ध्यान रखेंगे. समिति की ओर से मंदिर व मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाया जा रहा है. वहीं मेला को लेकर परिसर व आसपास क्षेत्र में मिठाई, खिलौने व अन्य सामग्रियों के अस्थाई दुकान लगाए जाने की तैयारी हो रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
