JAMUI : वेंडिंग जोन की मांग को लेकर आइआइपी ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
इंडियन इंक्लूसिव पार्टी की जमुई इकाई ने शुक्रवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष शंभू कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार को ज्ञापन सौंपकर फुटकर विक्रेताओं, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों एवं छोटे व्यवसायियों के हितों की रक्षा की मांग की है.
जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट :
शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर इंडियन इंक्लूसिव पार्टी की जमुई इकाई ने शुक्रवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष शंभू कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार को ज्ञापन सौंपकर फुटकर विक्रेताओं, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों एवं छोटे व्यवसायियों के हितों की रक्षा की मांग की है. पार्टी ने कहा कि जब तक दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था एवं वेंडिंग जोन उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई स्थगित रखा जाए. जिलाध्यक्ष श्री कुमार ने कहा कि प्रशासन द्वारा शहर को जाममुक्त एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा अभियान स्वागतयोग्य है, लेकिन बड़ी संख्या में गरीब परिवार अपनी जीविका के लिए छोटे व्यवसायों पर निर्भर हैं. अचानक की जा रही कार्रवाई से इन परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पहले फुटकर विक्रेताओं का सर्वे कर उनके लिए चिन्हित स्थान एवं वेंडिंग जोन की व्यवस्था करनी चाहिए. इसके बाद ही किसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने मांग की कि दुकानदारों को पूर्व सूचना देकर पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी गरीब परिवार की रोजी-रोटी प्रभावित न हो. ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने मुख्य रूप से सभी फुटकर विक्रेताओं एवं छोटे दुकानदारों का सर्वे कराने, वेंडिंग जोन उपलब्ध कराने, वैकल्पिक व्यवस्था होने तक अभियान रोकने तथा प्रशासनिक कार्रवाई से पूर्व पर्याप्त सूचना एवं पुनर्वास सुनिश्चित करने की मांग उठाई. पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनहित एवं मानवता को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेगा और गरीब दुकानदारों के हितों की रक्षा करेगा. प्रतिनिधिमंडल में विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार नीरज, शंभू तांती, परशुराम तांती, मिथिलेश तांती, जयशंकर मांझी, दामोदर प्रसाद बरनवाल, मो लुकमान खान, मिथुन तांती विजय तांती समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.