चकाई. चकाई बाजार व प्रमुख चौक-चौराहों पर लंबे समय से खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गयी है. थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर सभी खराब कैमरों को ठीक कर चालू कर दिया जायेगा. उन्होंने बताया कि बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गयी है. पिछले दिनों थाना परिसर में बुद्धिजीवियों के साथ बैठक कर खराब पड़े कैमरों को पुनः क्रियाशील बनाने का निर्णय लिया गया था. इसके बाद झारखंड से आयी तकनीकी टीम द्वारा पिछले एक सप्ताह से कैमरों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है. साथ ही खराब तारों को भी बदला जा रहा है. बैठक में यह जानकारी सामने आयी थी कि प्रखंड के करीब एक दर्जन स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पिछले तीन वर्षों से खराब पड़े हैं. इन्हें आपसी सहयोग से दुरुस्त कराने का निर्णय लिया गया है, जिस पर करीब दो लाख रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है. इस दौरान बुद्धिजीवियों ने थाना अध्यक्ष की पहल का स्वागत करते हुए कैमरों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 10 सदस्यीय समिति का भी गठन किया है. समिति द्वारा कैमरों के मेंटेनेंस और खर्च की रूपरेखा भी तैयार की गयी है. गौरतलब है कि कैमरे खराब रहने के कारण चकाई बाजार की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी. वर्ष 2025 में बाजार में हुई कई चोरी की घटनाओं के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद रहने से अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को कठिनाई हुई थी. स्थानीय व्यवसायियों ने पहले भी कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ज्ञापन देकर कैमरे ठीक कराने की मांग की थी. अब थाना प्रशासन और समाज के सहयोग से इस दिशा में पहल होने पर लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही बाजार की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके.
चकाई बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे को जल्द किया जायेगा चालू
चकाई बाजार व प्रमुख चौक-चौराहों पर लंबे समय से खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गयी है.
