तेज रफ्तार बाइक चलाने से टोका, तो दबंगों ने युवक का सिर फोड़ किया घायल

थाना क्षेत्र के गुरमाहा गांव में तेज रफ्तार बाइक चलाने का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया. दबंग युवकों ने पहले गाली-गलौज की और बाद में रास्ता रोककर मारपीट करते हुए युवक का सिर फोड़ दिया.

बरहट. थाना क्षेत्र के गुरमाहा गांव में तेज रफ्तार बाइक चलाने का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया. दबंग युवकों ने पहले गाली-गलौज की और बाद में रास्ता रोककर मारपीट करते हुए युवक का सिर फोड़ दिया. घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहट में कराया गया. घायल युवक की पहचान गुरमाहा गांव निवासी संतोष कुमार पिता ब्रह्मदेव राणा के रूप में हुई है. पीड़ित ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ बरहट मुख्यालय जा रहा था. इसी दौरान गांव में चार बाइक पर सवार करीब दो दर्जन युवक तेज रफ्तार से बाइक दौड़ा रहे थे. संतोष ने जब उन्हें धीमी गति से बाइक चलाने की सलाह दी तो आरोपित आगबबूला हो गये और गाली-गलौज शुरू कर दी. हालांकि, उस समय स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोप है कि बुधवार दोपहर जब संतोष अपने साथियों के साथ मुख्यालय की ओर जा रहा था. तभी कुकुरझप डैम के पीछे दबंगों ने बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया. इसके बाद आरोपितों ने फिर गाली-गलौज शुरू कर दी और एक युवक ने पीछे से पत्थर उठाकर संतोष के सिर पर हमला कर दिया. हमले में उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहट पहुंचाया. पीड़ित ने बरहट थाना में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इस मामले में बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >