थाना चौक के समीप करंट की चपेट में आने से चप्पल दुकानदार की मौत

Electrocution Death: जमुई शहर में बिजली की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली. थाना चौक के पास करकट के शेड पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से चप्पल दुकानदार अमिर अंसारी की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने क्षेत्र में बिजली सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट

Electrocution Death: जमुई शहर के मुख्य बाजार स्थित थाना चौक के समीप मंगलवार को करंट लगने से एक चप्पल व्यवसायी की असमयिक मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल में परिजनों और स्थानीय दुकानदारों की भारी भीड़ जुट गई.

मृतक की हुई पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के भछियार मोहल्ला (वार्ड संख्या-26) निवासी स्वर्गीय इलियास अंसारी के 28 वर्षीय पुत्र अमिर अंसारी के रूप में की गई है. अमिर पिछले काफी समय से थाना चौक के पास ही चप्पल की एक छोटी सी दुकान चलाता था और इसी से अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था.

करकट के शेड से चिपका युवक

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह अमिर ने रोज़ाना की तरह अपनी दुकान खोली थी. दुकान के बाहर लगे करकट के शेड पर वह चप्पलें टांगकर उन्हें व्यवस्थित कर रहा था. इसी दौरान शेड में पहले से ही बिजली का करंट उतर रहा था, जिसकी चपेट में आते ही अमिर वहीं शेड से चिपक गया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

अमिर को तड़पता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत और सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह उसे बिजली के संपर्क से अलग किया. इसके तुरंत बाद लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

अमिर की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई. सदर अस्पताल परिसर में पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. वहीं बाजार के एक युवा व्यवसायी की इस तरह अचानक हुई मौत की खबर से शहर के अन्य दुकानदारों में भी शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे.

Electrocution Death: बिजली सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यदि समय रहते शेड में आ रहे करंट का पता चल जाता, तो इस मासूम की जान बच सकती थी. इस रिहायशी और व्यावसायिक इलाके में हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर खुले तारों और लचर बिजली सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इसे भी पढ़ें:  बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

इसे भी पढ़ें:  बिना पटना जंक्शन गए पहुंचेंगे बिहारशरीफ, नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन का काम पूरा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >