बरहट. थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के समीप शुक्रवार की अहले सुबह अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए स्कूल जा रहे एक शिक्षक सह मुखिया पुत्र को गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घायल शिक्षक को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.घायल शिक्षक की पहचान लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मटिया गांव निवासी गौतम कुमार दास के रूप में हुई है. वे मटिया पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय महेश रविदास के पुत्र हैं जबकि उनकी मां मोहनी देवी वर्तमान में पंचायत की मुखिया हैं. बताया जाता है कि गौतम कुमार दास लखीसराय जिले के कजरा पंचायत स्थित एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह वे बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे.जहां से उन्हें ट्रेन पकड़कर स्कूल जाना था. इसी दौरान बिशनपुर गांव स्थित हाई स्कूल के पास पहले से घात लगाए एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली उनके दाहिने कंधे के नीचे लगी और आर-पार हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मलयपुर की ओर फरार हो गए.घर से पीछा कर रहे थे ,अपराधी, बाइक धिरे होते ही मार दी गोली
घायल शिक्षक गौतम कुमार दास ने बताया कि मोहनपुर गांव के पास से ही एक बाइक लगातार उनकी गाड़ी को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी, जिससे उन्हें संदेह हुआ. बिशनपुर के समीप उन्होंने बाइक धीमी की, तभी अपराधियों ने सामने से गोली चला दी. गोली लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े. उन्होंने बताया कि बदमाश दूसरी गोली सिर में मारना चाहते थे.लेकिन इसी दौरान उनका हेलमेट नीचे गिर गया. उन्होंने साहस दिखाते हुए दोबारा हेलमेट पहन लिया और गांव की ओर भागे, जिससे उनकी जान बच गई.गोली लगने के बाद घायल शिक्षक ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही बरहट थाना की गश्ती टीम में तैनात एएसआई मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ शिक्षक को इलाज के लिए जमुई अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले गए.धमकी देने का आरोप
घायल शिक्षक की मां सह मुखिया मोहनी देवी ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व मुकेश कुमार नामक व्यक्ति द्वारा धमकी दी गई थी. उन्होंने आशंका जताई कि उसी के इशारे पर इस वारदात को अंजाम दिया गया है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन,बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव तथा लक्ष्मीपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन की. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. साथ ही घटना के समय उस मार्ग से गुजरने वाले लोगों का मोबाइल डंप भी निकाला जा रहा है.
क्या बोले अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी
इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान किया जा रहा है. घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
