श्रावणी मेला और चेहलूम को लेकर प्रशासन अलर्ट, सोशल मीडिया निगरानी से लेकर 24 घंटे कंट्रोल रूम तक की व्यवस्था

जमुई जिला प्रशासन विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला और आगामी चेहलूम पर्व को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिसमें कांवरिया पथ पर विशेष व्यवस्थाएं और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी शामिल है.

Jamui Administration Alert: जमुई. विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला एवं आगामी चेहलूम पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. शनिवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिलाधिकारी श्री नवीन की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.

कांवरिया पथ पर विशेष व्यवस्थाएं

प्रशासन की ओर से कांवरिया पथ एवं प्रमुख संपर्क मार्गों पर 24 घंटे यातायात व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गये हैं.

सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी

सोशल मीडिया पर अफवाहों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय कर दिया है. यह सेल फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे नजर रखेगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

रेलवे स्टेशन और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले के प्रवेश मार्गों, प्रमुख सड़कों, बटिया घाटी और गंगटा जंगल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस एस्कॉर्ट एवं कॉनवॉय की व्यवस्था की गई है. वहीं जमुई, गिद्धौर, झाझा और सिमुलतला रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है. आपात स्थिति से निपटने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम भी संचालित रहेगा.

लोगों से प्रशासन की अपील

Jamui Administration Alert: जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से वाहनों की छत पर यात्रा नहीं करने तथा रात्रि एवं भोर के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. साथ ही किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन या नजदीकी थाना को देने का अनुरोध किया है. प्रशासन ने सभी लोगों से श्रावणी मेला और चेहलूम को आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rahul Kumar Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >