शीतलहर से बढ़ी ठिठुरन, घरों में दुबके रहे लोग

प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को शीतलहर के भीषण प्रभाव के कारण मौसम में अचानक बदलाव साफ तौर पर देखने को मिला. सुबह करीब 09 बजे से ही घने कोहरे और हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया.

गिद्धौर . प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को शीतलहर के भीषण प्रभाव के कारण मौसम में अचानक बदलाव साफ तौर पर देखने को मिला. सुबह करीब 09 बजे से ही घने कोहरे और हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. कनकनी और कोहरे के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया. घने कोहरे के कारण गिद्धौर बाजार सहित प्रमुख सड़कों पर लोगों के आवागमन में भारी कमी देखी गई. सुबह करीब 10 बजे तक यात्री व मालवाहक वाहन लाइट जलाकर अपने गंतव्य की ओर जाते नजर आये. कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम रही, जिससे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि दोपहर करीब 12 बजे धूप निकलने से धीरे-धीरे कोहरा छंट गया, लेकिन शाम चार बजे के बाद फिर से बढ़ी कनकनी ने पूरे प्रखंड को अपनी गिरफ्त में ले लिया. ठंडी हवाओं और शीतलहर के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गये. इधर, शीतलहर को देखते हुए दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने खासकर बुजुर्गों और बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने लोगों से गर्म कपड़े पहनने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने की अपील की है, ताकि इस भीषण ठंड से बचाव किया जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >