Jamui News: झाझा में रविवार को एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम होने जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी झाझा के बोड़वा बस स्टैंड के समीप स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और राजग कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटे हैं. कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए बनाए जा रहे हेलीपैड तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
बोड़वा बस स्टैंड के पास होगा प्रतिमा अनावरण
कार्यक्रम झाझा के बस स्टैंड-खलासी मोहल्ला मुख्य सड़क स्थित बोड़वा बस स्टैंड के समीप आयोजित किया जाएगा, जहां सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित की गई है.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पंडाल, समियाना और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं का कार्य तेजी से चल रहा है. प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं.
रेलवे चंदवारी मैदान में बन रहा हेलीपैड
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के आगमन को ध्यान में रखते हुए रेलवे चंदवारी मैदान में विशेष हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है.
स्थानीय विधायक और परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईंट की सोलिंग मजबूत करने, हेलीपैड को सुरक्षित बनाने और आने-जाने के मार्ग को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया.
"झाझा के लिए ऐतिहासिक क्षण": दामोदर रावत
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि झाझा की धरती के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है. उन्होंने दावा किया कि जिले में पहली बार कोई मुख्यमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण करने आ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि यह झाझा की जनता के लिए गर्व और खुशी का विषय है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सजगता के साथ कार्य करना चाहिए.
सुबह 10:30 बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे हेलीकॉप्टर से झाझा पहुंचेंगे.
उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के भी कार्यक्रम में मौजूद रहने की जानकारी दी गई है. प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान को लेकर विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की है.
Jamui News: सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की कड़ी नजर
कार्यक्रम की सुरक्षा और सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी श्री नवनी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल लगातार निरीक्षण और मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
वहीं झाझा एसडीपीओ केशव कुमार कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड दोनों स्थानों पर लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी.
झाझा में होने वाला यह कार्यक्रम न केवल एक प्रतिमा अनावरण समारोह है, बल्कि इसे जिले के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक और राजनीतिक आयोजन के रूप में भी देखा जा रहा है.
Also Read: बिहार : स्कूल बढ़े पर 38.5% स्टूडेंट ही 12वीं तक पहुंचे, पढ़ाई छोड़कर कहां जा रहे हैं बच्चे?
