बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट :
Jamui News : बरहट-मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई।जब एक युवक की संदिग्ध मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक कारण सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लगी रही और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा. सूचना मिलते ही बरहट थाना अध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया. मृतक की पहचान बरहट थाना क्षेत्र के नुमर गांव निवासी दीपक कुमार यादव पिता गोर लाल यादव के रूप में हुई है.
दोस्त तिलक समारोह में ले गया, देर रात मौत की खबर मिली
मृतक के चाचा मनीष यादव ने बताया कि शुक्रवार की रात दीपक घर पर खाना खाने के बाद सो गया था. इसी दौरान उसका दोस्त रॉकी एक कार लेकर घर पहुंचा और तिलक समारोह में चलने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया. देर रात रॉकी ने फोन कर सूचना दी कि दीपक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है .जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो दीपक की मौत हो चुकी थी.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंक
Jamui News : दीपक की मौत को लेकर परिजनों ने गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह महज दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है. उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए. इसी मांग को लेकर परिजनों ने मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.
पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि एक युवक का शव बरामद कर छानबीन कर रही है. मृतक के परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना में यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
