जमुई. जिले में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर बुधवार देर शाम समाहरणालय सभागार में डीएम नवीन की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की गहन समीक्षा बैठक की गयी. बैठक में मिशन कायाकल्प से जुड़ी योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ शैक्षणिक कार्यक्रमों की समीक्षा की गयी. जानकारी देते हुए डीपीआरओ भानु प्रकाश ने बताया कि बैठक के दौरान डीएम ने प्रखंडवार विद्यालयों की स्थिति, ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर नामांकित बच्चों की एंट्री, पाठ्यपुस्तक वितरण, स्टूडेंट किट, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, शिक्षक प्रशिक्षण, पीएमश्री योजना, टैब वितरण, जनजातीय उन्नत गांव अभियान, व्यावसायिक शिक्षा, विद्यालय शिक्षा समिति का पुनर्गठन, उन्नत बिहार योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, मध्यान्ह भोजन योजना, सीएम ई कंप्लायंस डैशबोर्ड और शिक्षकों के वेतन भुगतान से संबंधित प्रतिवेदनों की विस्तृत समीक्षा की.
स्थिति में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई का दिया निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कई बिंदुओं पर प्रगति रिपोर्ट असंतोषजनक पाये जाने पर गहरी नाराजगी जताई. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो दोषी अधिकारियों की सत्यनिष्ठा संदिग्ध मानते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि की अनुशंसा की जाएगी.
इन्फ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान देने का दिया निर्देश
डीएम ने विद्यालयों में पेयजल, बालक-बालिका शौचालय, दिव्यांग शौचालय, हैंड वॉशिंग की व्यवस्था, कक्षाओं में श्यामपट, रंग-रोगन, विद्युत संयोजन, समुचित वायरिंग, फर्नीचर, डेस्क, सबमर्सिबल पंप, बाउंड्रीवॉल आदि सभी मानकों को पूर्ण कराने का निर्देश दिया.बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों के आधार कार्ड बनवाने के साथ उनके बैंक खातों से आधार सीडिंग कराई जाये. इसके अलावा ऐसे विद्यालयों की पहचान कर, जहां उपस्थिति न्यून है, वहां भ्रमण कर समस्या का समाधान किया जाये.गुणवत्तापरक शिक्षा सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
डीएम ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता और मिड-डे मील सहित सभी व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया जाये, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि छात्रों को गुणवत्तापरक शिक्षा मिल रही है. बैठक में अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
