-तीन किसान सलाहकारों को चयनमुक्त करने की प्रक्रिया शुरू, डीएम ने दिया सख्त अल्टीमेटम जमुई. सरकार की महत्वाकांक्षी फार्मर रजिस्ट्री योजना में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. समीक्षा के दौरान बरहट अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी पंकज कुमार को कार्य में रुचि नहीं लेने, बार-बार चेतावनी के बावजूद सुधार नहीं करने तथा फार्मर आईडी निर्माण की धीमी प्रगति के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय चकाई अंचल कार्यालय निर्धारित किया गया है. वहीं, कार्य में लापरवाही और जिम्मेदारियों के निर्वहन में विफल रहने के आरोप में तीन किसान सलाहकारों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है. इनमें सोनो के अशोक दास, गिद्धौर की अंजली कुमारी तथा इस्लामनगर अलीगंज के राकेश रंजन कुमार शामिल हैं, जिन्हें सेवा से चयनमुक्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है. जिला पदाधिकारी ने बताया कि 12 मई से 30 जून तक जिले में मिशन मोड में फार्मर रजिस्ट्री अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने सभी अधिकारियों, राजस्व कर्मचारियों, कृषि समन्वयकों और किसान सलाहकारों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों से जुड़ी योजनाओं में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी. निर्धारित समय तक लक्ष्य पूरा नहीं होने पर और कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, राजस्व कर्मचारी निलंबित
सरकार की महत्वाकांक्षी फार्मर रजिस्ट्री योजना में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है.
