जमुई : शहर के गांधी नगर स्थित रामकृष्ण आवासीय विद्यालय में हालिया घटना को लेकर प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन ने चिंता जतायी है. एसोसिएशन ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से विद्यालय के निदेशक पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक जांच कराने की मांग की है.
एसोसिएशन ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के वास्तविक तथ्य सामने आ सकेंगे और कानून के अनुरूप उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी. संगठन ने कहा कि वह पूरे प्रकरण से स्तब्ध है, लेकिन उसे जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है. निष्पक्ष जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों का संगठन सम्मान करेगा और कानूनसम्मत कार्रवाई का समर्थन करेगा.
विद्यालय परिसर में भीड़ के प्रवेश पर जतायी चिंता
एसोसिएशन ने घटना के दौरान विद्यालय परिसर में अनियंत्रित भीड़ के प्रवेश को लेकर भी चिंता व्यक्त की. संगठन का कहना है कि अचानक बड़ी संख्या में लोगों के परिसर में प्रवेश करने से वहां मौजूद छात्र-छात्राओं की सुरक्षा प्रभावित हो सकती थी.
एसोसिएशन ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए ऐसे मामलों में संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है.
अफवाहों से बचने और जांच पर भरोसा रखने की अपील
संगठन ने आम लोगों से अपील की कि मामले में किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने से बचें. एसोसिएशन ने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई निष्पक्ष जांच के बाद सामने आयेगी. इसके बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई होनी चाहिए.
