खैरा (जमुई). प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को पंचायत समिति की बैठक प्रमुख बबीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष कई मुद्दे उठाए. कई विषयों पर तीखी बहस भी हुई, जिससे कुछ देर तक बैठक का माहौल गरमा गया. सदस्यों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति, आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्धारित मीनू के अनुसार बच्चों को भोजन नहीं मिलने, कृषि विभाग की ओर से समय पर बीज उपलब्ध नहीं कराने तथा मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं पर सवाल उठाए. विकास योजनाओं को समय पर पूरा कराने की भी मांग की गई.
बैठक में शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया
बैठक में शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कुछ शिक्षक विद्यालय में केवल उपस्थिति दर्ज कराकर चले जाते हैं और छुट्टी से पहले दोबारा विद्यालय पहुंचकर उपस्थिति बनाते हैं. इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. सदस्यों ने मामले की जांच कर दोषी शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की. प्रखंड विकास पदाधिकारी शेखर सुमन ने बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर जवाब देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जाएगी तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे.
पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें
अधिकारियों ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा. बैठक में अंचलाधिकारी आशीष कुमार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी शशिकांत वर्मा, मुखिया प्रभु यादव, मुखिया मौसम कुमारी, जयवंती देवी, पंचायत समिति सदस्य ममता कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे. बैठक के अंत में सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया.
