खैरा. पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिद्धेश्वर जंगल कांड के नामजद नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है. लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधौली गांव में छापेमारी कर खैरा पुलिस ने उक्त गांव निवासी अनिल कुमार, पिता कार्तिक कोड़ा को गिरफ्तार किया है. खैरा थाना पुलिस ने कजरा थाना पुलिस के सहयोग इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया है. बताते चलें कि गिरफ्तार नक्सले वर्ष 2021 से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार प्रयासरत थी. बताते चलें कि 27 जून 2021 को पुलिस को सूचना मिली थी कि गिद्धेश्वर जंगल में नक्सलियों का एक दस्ता छिपा हुआ है. इस पर अर्धसैनिक बल और पुलिस ने संयुक्त रूप से जंगल में घेराबंदी शुरू की. लेकिन नक्सलियों को भनक मिलते ही दोनों ओर से मुठभेड़ शुरू हो गई. इसके बाद नक्सली धीरे-धीरे ठिकाना बदलते रहे. तलाशी के दौरान पुलिस बल को जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली सामान बरामद हुआ था. इस मामले में अनिल कुमार एक नामजद आरोपी था, जो घटना के बाद से ही फरार था. पुलिस की टीम लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी. अंततः पांच साल बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
