खैरा. प्रखंड क्षेत्र के केंडीह गांव में महादलित बच्चों को रोज ई-रिक्शा से स्कूल पहुंचाने वाले टोला सेवक जयकांत मांझी को अब काफी सराहना मिल रही है. बीते गुरुवार शाम सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी इसे लेकर जयकांत मांझी के घर पहुंचे और उनके सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए पूरे परिवार को सम्मानित किया. विधायक ने जयकांत मांझी, उनके पिता और उनकी पत्नी को माला पहनाकर तथा अंगवस्त्र देकर सम्मान दिया. इस दौरान गांव के लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने तालियों के साथ इस पहल का स्वागत किया. विधायक प्रफुल्ल मांझी ने कहा कि शिक्षा ही समाज को बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है. उन्होंने कहा कि एक समय वह खुद भी टोला सेवक के रूप में काम कर चुके हैं और गरीब परिवारों की परेशानियों को करीब से समझते हैं. उन्होंने जयकांत मांझी की तारीफ करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जिस तरह वह महादलित बच्चों को स्कूल पहुंचाने का काम कर रहे हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा है. विधायक ने कहा कि गांव के लोग अगर इसी तरह शिक्षा के प्रति जागरूक होंगे तो आने वाले समय में यहां के बच्चे बड़ी नौकरियां हासिल करेंगे और परिवार की तस्वीर बदल जाएगी. कार्यक्रम के दौरान विधायक ने महादलित परिवारों से अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की. उन्होंने कहा कि आज पढ़ाई ही गरीबी से बाहर निकलने का सबसे मजबूत रास्ता है. अगर बच्चे स्कूल जाएंगे तो वे आगे बढ़ेंगे, नौकरी पाएंगे और समाज में सम्मान के साथ जीवन जी सकेंगे. विधायक ने अभिभावकों से कहा कि मजदूरी या घरेलू काम के कारण बच्चों की पढ़ाई न छुड़ाएं. गांव के कई लोगों ने भी जयकांत मांझी के प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि उनके कारण अब कई बच्चे नियमित रूप से स्कूल जाने लगे हैं और अभिभावकों में भी शिक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ रही है.
जयकांत मांझी के घर पहुंचे विधायक, पूरे परिवार को किया सम्मानित
गुरुवार शाम सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी इसे लेकर जयकांत मांझी के घर पहुंचे और उनके सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए पूरे परिवार को सम्मानित किया. विधायक ने जयकांत मांझी, उनके पिता और उनकी पत्नी को माला पहनाकर तथा अंगवस्त्र देकर सम्मान दिया.
