Jamui Lightning Death: सरौन (जमुई). चकाई विधानसभा क्षेत्र की विधायक सावित्री देवी ने सोमवार को परांची पंचायत के कोकहरा गांव पहुंचकर वज्रपात की घटना में मृत शिक्षा सेवक प्रकाश कुमार तुरी के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी.
घायल पत्नी के स्वास्थ्य की ली जानकारी
विधायक ने वज्रपात में गंभीर रूप से घायल प्रकाश कुमार तुरी की पत्नी गुड़िया देवी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज और वे स्वयं पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं.
घटना को बताया अपूरणीय क्षति
सावित्री देवी ने कहा कि प्रकाश कुमार तुरी का असामयिक निधन न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
प्रशासन से शीघ्र सहायता देने का आग्रह
विधायक ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा निर्धारित आपदा राहत राशि एवं अन्य देय सहायता का भुगतान शीघ्र कराया जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सके.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
Jamui Lightning Death: उन्होंने आम लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकती है.मौके पर सुबोध कुमार सुमन, गोपाल यादव, पवन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
