सरौन (जमुई) : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर चकाई प्रखंड के माधोपुर स्थित बड़ी दुर्गा मां मंदिर के समीप ठाकुरबाड़ी प्रांगण में शुक्रवार की शाम भव्य मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा. शाम होते-होते बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठाकुरबाड़ी परिसर में जुटने लगे.
मानव श्रृंखला बनाकर युवाओं ने फोड़ा मटका
मटका फोड़ कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. गोविंदा की टोली ने मानव श्रृंखला बनाकर ऊंचाई पर बांधे गए मटके तक पहुंचने का प्रयास किया. कई प्रयासों के बाद जैसे ही मटका फूटा, पूरा परिसर श्रीकृष्ण के जयकारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल
मटका फूटते ही मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए. तालियों और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. कार्यक्रम में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी. देर शाम तक ठाकुरबाड़ी परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा.
कार्यक्रम में मुकेश सिंह, महेश सिंह, अंजित राम, डमरू राय, अंकित चौरसिया, मनीष कुमार साहू, चुनचुन राम, चंदन साह, राजेश यादव, बबलू पासवान, सूरज पासवान, कृष्णा ठाकुर, दिनेश यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद थे.
