मायके में फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता, ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप

जमुई जिले के झाझा में एक 20 वर्षीय नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला. परिजनों ने शादी के कुछ महीने बाद ही ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहजना स्थित गोस्वामी टोला में एक 20 वर्षीय नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला. घटना की सूचना मिलते ही झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह और पुलिस अधिकारी मीनू शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

शादी के एक महीने बाद ही शुरू हुई दहेज की मांग

मृतका की पहचान सोहजना के गोस्वामी टोला निवासी रंजीत गोस्वामी की 20 वर्षीय पुत्री सोनी देवी के रूप में की गई है. मृतका के पिता रंजीत गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी तीन-चार महीने पहले सर्किल नंबर एक स्थित पैरगाहा गांव निवासी दिलीप गोस्वामी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी. शादी के एक महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद पति और ससुराल के अन्य लोग मायके से 5 लाख रुपये नकद और अन्य सामान लाने के लिए सोनी पर दबाव बनाने लगे.

प्रताड़ना से तंग आकर मायके में अकेली थी मृतका

परिजनों द्वारा असमर्थता जताने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने सोनी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और बाद में उसे सोहजना स्थित मायके छोड़ दिया. दो दिन पूर्व सोनी के माता-पिता 'बोल बम' (देवघर यात्रा) गए हुए थे और सोनी घर पर अकेली थी. परिजनों के अनुसार, इसी दौरान पति से फोन पर बातचीत के बाद अत्यधिक मानसिक तनाव में आकर उसने फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

पुलिस कर रही मामले की गहन जांच

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए हैं. झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या का प्रतीत होता है. पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है और मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर ससुराल पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई व मामले की गहन छानबीन की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतांबर सिंह

ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >