जमुई में हादसा : ताड़ पर ताड़ी उतारने चढ़े व्यक्ति की 11 हजार वोल्ट करेंट से मौत, बेटी हुई बेसहारा

Electric Shock Incident : जमुई जिले में ताड़ से ताड़ी उतार रहे एक व्यक्ति की 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य के जाने से उनकी मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटी अब बेसहारा हो गई है.

Electric Shock Incident : जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत लछुआड़ थाना क्षेत्र के सबलबीघा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. ताड़ से ताड़ी उतारने के लिए पेड़ पर चढ़े एक व्यक्ति की 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और अब उसकी मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटी के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है.

ताड़ी उतारने के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान सबलबीघा गांव निवासी 55 वर्षीय विष्णु चौधरी के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, वह रोज की तरह गांव स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय सबलबीघा के पास ताड़ के पेड़ पर ताड़ी उतारने के लिए चढ़ रहे थे. इसी दौरान पेड़ के बिल्कुल नजदीक से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए.

मौके पर ही चली गई जान

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज करंट लगते ही जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और विष्णु चौधरी का शरीर पेड़ के बीच में ही फंस गया. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.

पुलिस और बिजली विभाग ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही लछुआड़ थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया. मामले की जांच की जा रही है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ग्रामीणों ने बताया कि विष्णु चौधरी बेहद गरीब थे और मनरेगा भवन में अपनी मानसिक रूप से विक्षिप्त इकलौती बेटी के साथ रहते थे. ताड़ी बेचकर ही वह दोनों का भरण-पोषण करते थे. उनकी असमय मौत के बाद बेटी के सामने आजीविका और देखभाल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.

ग्रामीणों ने की सहायता की मांग

घटना के बाद गांव में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता और उनकी बेटी के पालन-पोषण की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >