जमुई. जिले में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन सक्रिय हो गया है. शनिवार को जिलाधिकारी श्री नवीन ने एलपीजी आपूर्ति की अद्यतन स्थिति और पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के विस्तार की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में बीपीसीएल, एचपीसीएल और आइओसीएल के प्रतिनिधि व गैस एजेंसियों के संचालक ऑनलाइन जुड़े. डीएम ने दो टूक कहा कि ईंधन आपूर्ति में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.
मांग से ज्यादा हो रही डिलिवरी
समीक्षा में सामने आया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 4,694 एलपीजी सिलिंडरों की मांग है, जबकि 5,070 सिलिंडरों की डिलिवरी की जा रही है. इसके बावजूद 17,471 बुकिंग लंबित है. कंपनीवार बैकलॉग में बीपीसीएल 2.5 दिन, एचपीसीएल 4.5 दिन और आइओसीएल 3.6 दिन पर है, जिससे कुल औसत बैकलॉग 3.4 दिन बनता है. कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि 45 दिन की अवधि पूरी होने से अचानक बुकिंग बढ़ी है, जिसे जल्द सामान्य कर लिया जाएगा. डीएम ने बैकलॉग खत्म करने के लिए तेजी से काम करने का निर्देश दिया.शादी सीजन में कॉमर्शियल गैस सिलिंडर पर फोकस
आगामी वैवाहिक सीजन को देखते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा तय संख्या के अनुसार ही कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जाये. घरेलू गैस सिलिंडर के दुरुपयोग पर सख्ती बरतने को कहा गया. इस पर निगरानी की जिम्मेदारी एसडीओ व जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दी गयी है.इन इलाकों में शुरू हुई पीएनजी सेवा
बैठक में बताया गया कि जमुई प्रखंड के भछियार, भजौर, बिहारी, बिठलपुर, कृष्णापट्टी, बोधवान तालाब, कल्याणपुर, सिरचंद नवादा, शास्त्री कॉलोनी, पाटलिपुत्र कॉलोनी, वीआइपी कॉलोनी, विवेकानंद कॉलोनी और शीतला कॉलोनी में पीएनजी सेवा चालू है. वहीं सिकंदरा प्रखंड के डॉक्टर कॉलोनी, गांधी बाजार, पीरहिंडा, कर्मा, मुगल टोली, पांडेय टोली, नवाब टोली और दर्जी मोहल्ला में भी यह सुविधा उपलब्ध हो गयी है.
पीएनजी अपनाने की अपील
डीएम ने इन क्षेत्रों के लोगों से जल्द पीएनजी कनेक्शन लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि जहां पीएनजी नेटवर्क पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा, वहां भविष्य में एलपीजी आपूर्ति सीमित या बंद की जा सकती है. ऐसे में लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ ईंधन के लिए समय रहते पीएनजी अपनाना चाहिए.
