झाझा. थाना क्षेत्र के सर्किल नंबर एक अंतर्गत भीखा गांव में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया गया. आरोप है कि दर्जनभर लोगों ने लाठी-डंडे और हसुआ से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल की पहचान गांव निवासी 60 वर्षीय घुटर यादव के रूप में हुई है. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए झाझा रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घायल घुटर यादव ने बताया कि करीब चार वर्षों से डेढ़ डिसमिल जमीन को लेकर गोतिया के साथ विवाद चल रहा है. शनिवार को जब वे अपनी जमीन पर पहुंचे, तो चंद्रदेव यादव, परशुराम यादव, सुधीर यादव समेत दर्जनभर लोगों ने लाठी-डंडे और हसुआ लेकर हमला कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी. थानाध्यक्ष एलबी सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
भूमि विवाद में बुजुर्ग पर हमला
हसुआ से वार कर किया घायल
