जमुई. जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. इसी कड़ी में शुक्रवार की रात पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिलेभर में व्यापक विशेष जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में संचालित हुआ, जिसमें लाज, होटल, संदिग्ध स्थानों, दुकानों और वाहनों की सघन जांच की गयी. पुलिस टीम ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हर गतिविधि पर नजर बनाये रखी और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की. अभियान के दौरान खासतौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों को रोककर गहन तलाशी ली गयी. पुलिस द्वारा शराब, अवैध सामग्री और अन्य आपत्तिजनक वस्तुओं की जांच को लेकर सख्ती बरती गयी. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य जिले में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोकना है. जांच के दौरान कई स्थानों पर लोगों को सतर्क रहने और नियमों का पालन करने की भी हिदायत दी गयी. पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. इस अभियान में मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरभ समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे. पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और मजबूत होता दिख रहा है.
पुलिस का रातभर चला विशेष जांच अभियान
एसपी विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में जिलेभर में अलर्ट मोड, लाॅज-होटलों व वाहनों की जांच तेज
