'ऑपरेशन सतर्क' के तहत आरपीएफ को मिली सफलता, यार्ड की झाड़ियों से भारी मात्रा में शराब बरामद

'ऑपरेशन सतर्क' के तहत आरपीएफ और जीआरपी ने झाझा स्टेशन यार्ड की झाड़ियों से लावारिस हालत में 23.520 लीटर देशी व विदेशी शराब बरामद की है. बरामद शराब की कीमत करीब आठ हजार रुपये आंकी गई है और इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

झाझा (जमुई) से ऋृतांभर सिंह की रिपोर्ट: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत झाझा रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम बड़ी कार्रवाई की गई. आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने लावारिस हालत में पड़ी 23.520 लीटर देशी व विदेशी शराब बरामद की है. जब्त शराब की अनुमानित कीमत 8,085 रुपये आंकी गई है.

गश्ती के दौरान झाड़ियों में मिला सामान

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:55 बजे उपनिरीक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान डाउन प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर ट्रेन संख्या 12023 (जनशताब्दी एक्सप्रेस) के पहुंचने पर मुखबिर से सूचना मिली कि यार्ड की ओर झाड़ियों में संदिग्ध बैग पड़े हैं. टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोल संख्या 366/2-3A के पास तलाशी ली, जहां से एक सफेद बोरी और एक नीला पिट्ठू बैग बरामद किया गया.

देसी शराब और विदेशी बियर बरामद

तलाशी के दौरान बोरी से 300 एमएल की 47 बोतलें ‘रॉयल झारखंड सी लिकर’ (देशी शराब) मिलीं, जिसकी कुल मात्रा 14.100 लीटर थी. वहीं, पिट्ठू बैग से ‘किंगफिशर स्ट्रांग बियर’ के 12 कैन और ‘ऑफिसर च्वाइस व्हीस्की’ की 19 बोतलें बरामद हुईं. बरामद सभी शराब की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन झारखंड ओनली’ अंकित था. मौके पर किसी भी व्यक्ति द्वारा दावा न किए जाने पर आरपीएफ ने विधिवत जब्ती सूची तैयार कर शराब को अपने कब्जे में ले लिया.

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

इस मामले में जीआरपी झाझा थाना में कांड संख्या 54/26 के तहत बिहार उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के अंतर्गत अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. रेल अवर निरीक्षक शिवराम को मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप किस ट्रेन से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >